कर्णप्रयाग बाजार स्थित कृष्णा पैलेस होटल के समीप 16 जून को हेमकुंड साहिब यात्रा से लौट रहे कुछ निहंग यात्रियों और स्थानीय व्यापारियों के बीच मामूली कहासुनी के बाद विवाद हो गया। विवाद के दौरान चार निहंग यात्रियों ने स्थानीय व्यापारी तथा बीच-बचाव के लिए आए स्थानीय लोगों पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया जिसमें चार लोग घायल हो गए। घटना के संबंध में वादी गजपाल सिंह की तहरीर पर कोतवाली कर्णप्रयाग में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। घटना के बाद पुलिस टीम ने बैरियर लगाकर तीन निहंग यात्रियों को कर्णप्रयाग क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। घटना में शामिल चौथे निहंग यात्री को 17 जून को कर्णप्रयाग चिकित्सालय से गिरफ्तार किया गया।
कर्णप्रयाग में धारदार हथियार से हमला करने वाले 04 निहंग यात्री गिरफ्तार, तीन अभियुक्तों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया जेल।
— Chamoli Police Uttarakhand (@chamolipolice) June 17, 2026
👉https://t.co/4x92XW9ZQ0 pic.twitter.com/13XxZ5FKRL
उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तलवार भी बरामद कर ली गई। प्रकरण में शामिल चारों आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया जहां से तीन आरोपितों को न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार पुरसाड़ी भेज दिया गया जबकि उपचाराधीन चौथे आरोपित को पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है। गौचर-कर्णप्रयाग क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आईटीबीपी और पीएसी की एक कंपनी तैनात की गई है। पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेंद्र सिंह राणा क्षेत्र में कैंप कर सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी कर रहे हैं। साथ ही पुलिस द्वारा लगातार पैदल गश्त कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।






