टिहरी के विकासखंड भिलंगना के ग्राम मेंडू सिंदेवाल निवासी शहीद अग्निवीर रोहित रावत (20 गढ़वाल राइफल्स) का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव में पूरे सैन्य सम्मान के साथ किया गया। इस दौरान सेना के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर राष्ट्र की सेवा में उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया और श्रद्धांजलि अर्पित की। शहीद की अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों जनप्रतिनिधियों तथा प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लेकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। पूरा क्षेत्र देशभक्ति और शोक के माहौल में डूबा रहा तथा लोगों ने नम आंखों से अपने वीर सपूत को अंतिम विदाई दी।
जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय की ओर से सहायक जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कैप्टन बलवंत सिंह रावत क्षेत्रीय विधायक शक्ति लाल शाह पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष संजय रावत उपजिलाधिकारी घनसाली मंजू राजपूत सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने शहीद के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह ने शहीद अग्निवीर रोहित रावत के अदम्य साहस कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण को याद करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। वक्ताओं ने कहा कि रोहित रावत का बलिदान सदैव देशवासियों को राष्ट्रसेवा और देशभक्ति के लिए प्रेरित करता रहेगा। शहीद के निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है। जनप्रतिनिधियों अधिकारियों और ग्रामीणों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।






