विकासखंड चंबा अंतर्गत चंबा–कोटि नैल मार्ग पर मंगलवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना में बड़ा हादसा हो गया। नैल के समीप एक यूटिलिटी पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरा जिसमें 08 लोगों की मौत हो गई जबकि 02 लोग घायल हुए हैं। डायल 112 के माध्यम से सूचना प्राप्त होने पर थाना चंबा पुलिस,एसडीआरएफ,फायर सर्विस एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। रेस्क्यू अभियान में सभी घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए जिला चिकित्सालय बौराड़ी भेजा गया। जानकारी के अनुसार वाहन में सवार सभी लोग घनसाली क्षेत्र के निवासी थे जो हरिद्वार/ऋषिकेश में एक क्रियाकर्म में शामिल होकर वापस घनसाली लौट रहे थे।
घायल उत्तम पुत्र पुस्सू,उम्र 30 वर्ष,निवासी ग्राम लोस्तु बड़ियारगढ़ अंकित पुत्र आशा लाल,उम्र 22 वर्ष निवासी ग्राम नेलचामी घनसाली दोनों घायलों का जिला चिकित्सालय बौराड़ी में उपचार चल रहा है और उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। मृतक विजयलाल,प्रेमलाल,महावीर लाल,सेहत लाल,शिव सिंह,आशा लाल,लक्ष्मण,राहुल सहित कुल 08 लोगों की मृत्यु की पुष्टि हुई है। घटना की सूचना पर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने जिला चिकित्सालय पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और आवश्यक व्यवस्थाओं के निर्देश दिए। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल घनसाली विधायक शक्तिलाल शाह एवं नगर पालिका अध्यक्ष आनंद बिष्ट भी मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करते रहे। प्रशासन द्वारा मृतकों के पोस्टमार्टम की कार्यवाही की जा रही है तथा परिजनों को सूचना दे दी गई है। राहत एवं बचाव कार्य पूर्ण कर लिया गया है जबकि आगे की आवश्यक कार्रवाई जारी है।






