Samachar Uday

3

What's New?

ship

दुनिया भर के सभी देशों के लिए एक बड़ी राहत की बात यह है कि गुरुवार को इज़राइल और लेबनान […]

idea-startup

दुनिया भर में भारत की एआई क्षमताओं को आगे बढ़ाने की निरंतर प्रतिबद्धता के तहत, इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय […]

chardham-yatra-2026-flex-board-qr-code

चारधाम यात्रा 2026 को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए हरिद्वार पुलिस द्वारा तैयारियां लगातार जारी हैं। इसी क्रम में […]

viktor-axelsen

डेनिश शटलर विक्टर एक्सेलसेन ने बुधवार, 15 अप्रैल को एक सोशल मीडिया पोस्ट के ज़रिए प्रोफेशनल बैडमिंटन से संन्यास ले […]

running

युवा मामले और खेल मंत्रालय, महिला नेतृत्व वाले विकास को बढ़ावा देने और विकसित भारत की परिकल्पना में नागरिक भागीदारी […]

national-sports-day-2024

राष्ट्रीय खेल दिवस 2024

राष्ट्रीय खेल दिवस हर वर्ष 29 अगस्त को भारत के प्रतिष्ठित हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के सम्मान में मनाया जाने वाला एक वार्षिक उत्सव है। “हॉकी के जादूगर” के नाम से मशहूर मेजर ध्यानचंद के खेल के प्रति अद्वितीय कौशल और समर्पण ने हॉकी की दुनिया पर एक अमिट छाप छोड़ी। वर्ष 1926 से 1948 तक अपने खेल करियर के दौरान मेजर ध्यानचंद ने 1,000 से ज़्यादा गोल किए और भारत को 1928, 1932 और 1936 में लगातार तीन ओलंपिक स्वर्ण पदक दिलाए

मेजर ध्यानचंद की विरासत हॉकी के मैदान पर उनकी असाधारण उपलब्धियों से कहीं आगे है। उन्होंने वैश्विक मंच पर भारतीय खेलों को पुनः परिभाषित किया, कड़े अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा के युग में हॉकी में देश का प्रभुत्व स्थापित किया। भारतीय खेलों में उनके योगदान को न केवल उनकी जीत के लिए याद किया जाता है, बल्कि एथलीटों की भावी पीढ़ियों को उनके द्वारा दी गई प्रेरणा के लिए भी याद किया जाता है।

राष्ट्रीय खेल दिवस का उत्सव

राष्ट्रीय खेल दिवस लोगों को शारीरिक फिटनेस, खेल और समग्र स्वास्थ्य के महत्व की याद दिलाता है। हरियाणा, पंजाब और कर्नाटक जैसे राज्य शारीरिक गतिविधियों और खेलों के महत्व के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए सेमिनार और विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन करते हैं । पिछले कुछ वर्षों में केंद्र सरकार ने इस दिन विभिन्न खेल योजनाओं का शुभारम्भ किया किया है, जैसे कि खेलो इंडिया मूवमेंट, जिसकी घोषणा 2018 में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने की थी।

राष्ट्रीय खेल दिवस भारत के खेल नायकों को प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित करने का भी अवसर है। राष्ट्रपति भवन में आयोजित होने वाले एक विशेष समारोह के दौरान भारत के राष्ट्रपति, राष्ट्रीय खेल पुरस्कार प्रदान करते हैं, जिनमें मेजर ध्यानचंद खेल रत्न (पूर्व में राजीव गांधी खेल रत्न), अर्जुन पुरस्कार, ध्यानचंद पुरस्कार और द्रोणाचार्य पुरस्कार शामिल हैं।

राष्ट्रीय खेल दिवस 2024

राष्ट्रीय खेल दिवस 2024 के उपलक्ष्य में, केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री, डॉ. मनसुख मांडविया ने सभी नागरिकों से कम से कम एक घंटे के लिए आउटडोर खेलों में भाग लेने का आह्वान किया है। डॉ. मांडविया ने फिट इंडिया मूवमेंट के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक भारतीय की जिम्मेदारी है कि वह अपना स्वास्थ्य बनाए रखे और सक्रिय रहे। डॉ. मांडविया ने आग्रह किया, “कोई भी खेल खेलों, फिट रहों!” उन्होंने सभी को इस राष्ट्रव्यापी पहल में शामिल होने के लिए प्रेरित किया।

डॉ. मांडविया ने बताया कि राष्ट्रीय खेल दिवस हमें एक संतुलित और स्वस्थ जीवन को बनाए रखने में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका की याद दिलाता है। उन्होंने सभी से अपील की है कि वे इस अवसर पर अपने परिवार और मित्रों के साथ खेल गतिविधियों में भाग लें और एक स्वस्थ एवं सक्रिय भारत के निर्माण की दिशा में एक कदम बढ़ाएं।

इस मिशन को आगे बढ़ाने के लिए, युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय ने फिट इंडिया और माई गव के सहयोग से राष्ट्रीय खेल दिवस 2024 मनाने के लिए कई कार्यक्रमों और गतिविधियों का आयोजन किया है। इसके साथ ही सभी हितधारकों को देश भर में खेल आयोजनों,  मनोरंजक तथा प्रतिस्पर्धात्मक गतिविधियों का आयोजन करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

ये कार्यक्रम 26 अगस्त से 31 अगस्त, 2024 के बीच आयोजित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, संगठनों को फिट इंडिया फिटनेस प्रतिज्ञा कार्यक्रम आयोजित करने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है, जहां कर्मचारियों सहित प्रमुख हितधारक फिट इंडिया फिटनेस शपथ ले सकते हैं।

इस वर्ष के उत्सव का एक मुख्य आकर्षण “भारत के चैंपियन: राष्ट्रीय खेल दिवस प्रश्नोत्तरी 2024” है। यह प्रश्नोत्तरी भारतीय एथलीटों की अदम्य भावना, उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों और भारत में खेलों की समृद्ध विरासत को याद करने के लिए बनाई गई है। यह छात्रों, खेल प्रेमियों और भारत के खेल इतिहास में रुचि रखने वाले किसी भी व्यक्ति के लिए एक रोमांचक और शैक्षिक अनुभव प्रदान करता है। इसमें प्रतिभागी स्वयं को चुनौती दे सकेंगे, अपने ज्ञान का परीक्षण कर सकेंगे और देश भर के खेल प्रेमियों के साथ प्रतिस्पर्धा कर सकेंगे, जिससे यह प्रश्नोत्तरी वास्तव में एक प्रेरणादायक आयोजन बन जाएगा।

Share this
Scroll to Top